त्रिदिवसीय मध्यमहेश्वर मेले की व्यवस्थाओं पर व्यापार मंडल ने जताई चिंता, जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग,
यातायात जाम और पार्किंग की समस्या से श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय व्यापारियों को भी हो रही परेशानी, मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की उठाई मांग,
रुद्रप्रयाग। द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में 18 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले त्रिदिवसीय पारंपरिक मध्यमहेश्वर मेले की व्यवस्थाओं को लेकर नगर उद्योग व्यापार मंडल ऊखीमठ ने चिंता जताई है। व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को पत्र भेजकर मेले के दौरान यातायात, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव भट्ट ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा कि मेले में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन पहुंचते हैं। इस दौरान यातायात और जाम की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। विशेषकर लोक निर्माण विभाग कार्यालय एवं अस्पताल क्षेत्र में जाम लगने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मुख्य बाजार तक पहुंचने में परेशानी होती है। इसका सीधा असर स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर भी पड़ता है।