दमोह में बुजुर्ग महिला की नाक से निकले मक्खी के 60 लार्वा, एंडोस्कोपी से किया सफल उपचार
नाक से खून और दर्द की शिकायत पर हुई थी भर्ती, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विशाल शुक्ला ने दो चरणों में निकाले लार्वा
दमोह जिला अस्पताल में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की नाक से करीब 60 मक्खी के लार्वा निकाले गए। एंडोस्कोपी जांच में चौंकाने वाला मामला सामने आने के बाद डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन किया।
बता दें कि जिले के पिपरिया गांव निवासी रामारानी पति ग्या प्रसाद सेन को विगत 29 अक्टूबर को नाक से खून आने और दर्द की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के लिए पहुंचे ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विशाल शुक्ला ने एंडोस्कोपी की तो नाक के अंदर बड़ी संख्या में लार्वा दिखाई दिए।
30 अक्टूबर को ऑपरेशन के दौरान पहली बार में 45 और दूसरी बार में 10 से 15 लार्वा निकाले गए। डॉक्टर के अनुसार, मक्खियों द्वारा नाक में अंडे देने से लार्वा विकसित हुए थे। नाक की संवेदनशीलता कम होने वाले बुजुर्गों में इसका खतरा रहता है। उन्होंने बुजुर्गों को मच्छरदानी में सुलाने, साफ-सफाई रखने और असामान्य लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी। उपचार के बाद महिला को छुट्टी दे दी गई। वही आज रविवार दोपहर 2 बजे महिला का उपचार कर रहे डॉ विशाल शुक्ला ने मीडिया को संक्षिप्त जानकारी दी।
Damoh, Damoh | Nov 2, 2026