शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न
बड़वानी 16 नवम्बर 2026/शासकीय आदर्श महाविद्यालय बड़वानी में 16 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से मिशन कर्मयोगी पोर्टल के अंतर्गत कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने मुख्य प्रशिक्षक (ट्रेनर) डॉ. आर.एस.खरत एवं डॉ. एम. आर. सोलंकी का स्वागत किया।
प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञों ने सेवा ही राष्ट्र निर्माण है के मूल मंत्र को रेखांकित करते हुए बताया कि जब एक लोक सेवक अपने काम को केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि सेवा मानता है, तभी विकसित भारत का विज़न यथार्थ बनता है। प्रशिक्षकों ने नियम-आधारित व्यवस्था के स्थान पर भूमिका-आधारित और नागरिक-केंद्रित सेवा भाव अपनाने तथा नागरिक देवोभव के सिद्धांत को दैनिक आचरण में उतारने पर विशेष बल दिया।
इस दौरान पुलिस कॉन्स्टेबल, सरकारी शिक्षक और आशा/आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं जैसे फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को शासन के वास्तविक चेहरे बताते हुए कहा गया कि सरकार के प्रति आम जनता का विश्वास इन्हीं रोज़मर्रा के संपर्कों से बनता है। सत्र में जनसेवा के आंतरिक फल ( आत्म-संतुष्टि ) और बाहरी फल ( पदोन्नति व सम्मान ) का महत्व समझाते हुए कर्मयोगी मोमेंट्स रचने और इसे एक दिन के प्रशिक्षण के बजाय जीवन भर की संस्कृति बनाने का आह्वान किया गया।
इसके साथ ही राष्ट्रीय कर्मयोगी की पहचान के रूप में आंतरिक व बाहरी उत्कृष्टता तथा वर्ष 2028 तक के सार्वभौमिक कवरेज रोडमैप की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में आदर्श महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ.बी.एस.मुजाल्दा विधि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रविंद्र सिंह चौहान महाविद्यालय के डॉ दिनेश पाटीदार डॉ.आकाश एसके महाविद्यालय के प्रशिक्षण मै तकनीकी सहयोग डॉ.लखन परमार का रहा। आदर्श एवं विधि महाविद्यालय के प्राध्यापक कार्यक्रम में सहभागी रहे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की समझ को सुदृढ़ करने के लिए प्रश्नोत्तरी (क्विज़) एवं असाइनमेंट भी प्रदान किए गए। सत्र के समापन पर मुख्य बिंदुओं को दोहराते हुए संदेश दिया गया कि छोटे-छोटे प्रयास ही कर्मयोगी पहचान बनाते हैं, संवेदनशील सेवा से जनता का विश्वास बढ़ता है और नियमों के भीतर रहकर समाधान खोजने तथा हर कार्य को सेवा का अवसर मानने से ही राष्ट्र निर्माण होता है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारीगण सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Badwani