निवाली महाविद्यालय में छात्राओं के लिए 12 दिवसीय स्किन केयर एवं बेसिक मेकअप प्रशिक्षण का आयोजन
बड़वानी 16 नवंबर 2026/पद्मश्री स्वर्गीय कांताबहन त्यागी शासकीय महाविद्यालय, निवाली में पीएम-उषा के सॉफ्ट कंपोनेंट-5 के अंतर्गत छात्राओं के कौशल विकास एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्किन केयर एवं बेसिक मेकअप प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर उद्यमिता विकास केंद्र बड़वानी (सेडमैप) के जिला समन्वयक श्री अरविंद चौहान ने प्रशिक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि छात्राएं पढ़ाई के साथ-साथ निःशुल्क स्वरोजगार के विभिन्न साधन एवं कौशल सीख सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्राएं अपने हुनर को रोजगार का माध्यम बनाकर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुल्तान मोरे ने भी छात्राओं को इस प्रशिक्षण में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल सीखना छात्राओं के भविष्य के लिए उपयोगी है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रायोजित है। इसका आयोजन उद्यमिता विकास केंद्र मध्यप्रदेश (सेडमैप), भोपाल द्वारा किया जा रहा है
कार्यक्रम का कुशल संचालन आइक्यूएसी प्रभारी डॉ. चांदनी गोले द्वारा किया गया। इस अवसर पर भारतीय ज्ञान परंपरा प्रभारी डॉ. पी.सी. किराड़े, प्रो. अनारसिंह किराड़े, प्रो. नीलम डावर , प्रो. रोशनी डावर सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
#JansamparkMP
#Badwani