जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा आज धोरैया प्रखंड के सैंनचक पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने शिविर में आए लाभुकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने लाभुकों से संवाद करते हुए कहा कि जिला मुख्यालय से दूरस्थ पंचायतों का चयन कर इस प्रकार के सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ लेने के लिए जिला मुख्यालय अथवा प्रखंड कार्यालय तक अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रशासन द्वारा शिविर के माध्यम से लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने एवं पात्र लाभुकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के दो लाभुकों को आवास की चाबी प्रदान की गई। वहीं, वित्तीय समावेशन के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभिन्न बैंकों एवं जीविका परियोजना के माध्यम से कुल 245 स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई, जिसके तहत 5 करोड़ 60 लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी द्वारा दो लाभुकों को जॉब कार्ड प्रदान किया गया।
उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी पात्रता के अनुसार विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए शिविर में उपलब्ध विभागीय काउंटरों पर आवेदन करें तथा अपनी समस्याओं को संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष रखें। जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि सहयोग पोर्टल पर उसी दिन अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि आवेदनों की सतत निगरानी की जा सके तथा उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा पंचायत सरकार भवन में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया गया। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी का उपयोग विद्यार्थियों एवं ग्रामीण युवाओं के ज्ञानवर्धन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा डिजिटल संसाधनों तक पहुंच के लिए करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने पंचायत क्षेत्र में हाई मास्ट लाइट, प्रवेश द्वार एवं विवाह भवन के निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया, ताकि पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सामुदायिक उपयोग की सुविधाओं का भी विकास किया जा सके।
शिविर में विभिन्न विभागों तथा प्रधानमंत्री आवास योजना, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, श्रम विभाग, आईसीडीएस, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य विभागों एवं सेवाओं से संबंधित काउंटर लगाए गए थे। इन काउंटरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवेदन करने एवं आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करने में सहायता प्रदान की गई।
1 views | Banka, Bihar | Sep 1, 2026