जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल-सह-श्री सूर्य नारायण सिंह उच्च विद्यालय, मोहनपुर, बाराहाट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया तथा विद्यालय के बेहतर संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। विद्यालय के मैदान में कुछ स्थानों पर घास अधिक बढ़ी हुई थी। इस पर जिला पदाधिकारी ने नियमित रूप से घास एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई-सफाई कराने तथा विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।
विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी अपेक्षाकृत कम पाई गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने प्रधानाध्यापक एवं नोडल प्रभारी शिक्षक को विद्यार्थियों की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान कंप्यूटर रूम एवं साइंस लैबोरेटरी भवन की ओर जाने वाले रास्ते में जलजमाव पाया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा जलजमाव की स्थिति का संज्ञान लेते हुए इसके स्थायी समाधान हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
जिला पदाधिकारी द्वारा डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने वहां ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन तथा पुस्तकों की उपलब्धता एवं उपयोग की स्थिति की जानकारी ली। जिला पदाधिकारी ने स्मार्ट क्लास के माध्यम से हो रहे शिक्षण कार्य का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों की सहभागिता की जानकारी ली।
इसके अलावा जिला पदाधिकारी द्वारा शिक्षक-कक्ष, स्टाफ रूम एवं जीव विज्ञान की कक्षा का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा शिक्षण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विषयों की नियमित रूप से तैयारी कर कक्षा में आएं तथा प्रत्येक विषय के लिए व्यवस्थित नोट्स एवं पाठ योजना तैयार रखें। उन्होंने शिक्षकों को माइक्रो प्लान तैयार कर उसके अनुरूप विद्यार्थियों को पढ़ाने का निर्देश दिया, ताकि शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बनाया जा सके और विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन एवं परीक्षा परिणाम में अपेक्षित सुधार हो।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं एवं शिक्षण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके पसंदीदा विषयों, कक्षा में पढ़ाई के तरीके तथा स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल लाइब्रेरी के उपयोग के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों से उनकी शैक्षणिक प्रगति एवं भविष्य की रुचियों के संबंध में भी बातचीत की तथा शिक्षकों द्वारा पढ़ाए जा रहे विषयों को समझने में किसी प्रकार की कठिनाई होने पर खुलकर प्रश्न पूछने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय में निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि विद्यालय में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्वयं जांच करते हुए पुनः निरीक्षण करें तथा अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।*
Banka, Bihar | Sep 1, 2026