जिला पदाधिकारी , बांका के निदेश के आलोक में आज जीविका के सभी BPM के साथ बैठक कर जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र से संचालित योजना मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। ताकि योजना अंतर्गत जीविका दीदीयों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थी को योजना अंतर्गत आच्छादित किया जा सके|
बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग ने राज्य के उन युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण जगाई है, जो अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार की तलाश में जुटे हैं। 'मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना' के माध्यम से सरकार योग्य युवक-युवतियों को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है ताकि वे बिना किसी वित्तीय बोझ के अपनी प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर की तैयारी जारी रख सकें।
योजना का मुख्य उद्देश्य
अक्सर देखा जाता है कि 12वीं या स्नातक के बाद आर्थिक तंगी के कारण युवा फॉर्म भरने या अन्य तैयारी संबंधी खर्चों के लिए परेशान रहते हैं। इसी समस्या को दूर करने के लिए सरकार ₹1000 प्रतिमाह की सहायता राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजती है। यह सहायता अधिकतम 2 वर्षों के लिए दी जाती है।
कौन उठा सकता है योजना का लाभ? (पात्रता)
योजना का लाभ लेने के लिए विभाग ने स्पष्ट पात्रता मापदंड निर्धारित किए हैं:
शैक्षणिक योग्यता: आवेदक 12वीं (इंटरमीडिएट) उत्तीर्ण हो और फिलहाल कहीं पढ़ाई न कर रहा हो, या फिर उसने कला, विज्ञान या वाणिज्य संकाय से स्नातक (Graduation) की डिग्री प्राप्त कर ली हो।
आयु सीमा: आवेदन करने वाले युवक/युवतियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
स्थायी निवासी: आवेदक का बिहार राज्य का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
आवेदन की प्रक्रिया:
इच्छुक अभ्यर्थी इस योजना का लाभ उठाने के लिए जिले के जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC) बांका जाकर विस्तृत जानकारी ले सकते हैं और पंजीकरण करा सकते हैं।
Banka, Bihar | Sep 1, 2026