जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा जिला निबंधन कार्यालय, बांका का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में संचालित वर्तमान ऑनलाइन एवं पेपरलेस निबंधन व्यवस्था का जायजा लिया तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।
जिला पदाधिकारी ने निबंधन प्रक्रिया को आम नागरिकों के लिए और अधिक सरल, सहज, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेपरलेस निबंधन व्यवस्था का उद्देश्य केवल कागज के उपयोग को कम करना नहीं, बल्कि निबंधन की पूरी प्रक्रिया को कम समय, कम परेशानी एवं अधिक पारदर्शिता के साथ पूरा कराना है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि आवेदन से लेकर निबंधित दस्तावेज प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया की स्पष्ट एवं सरल जानकारी आम नागरिकों को एक ही स्थान पर उपलब्ध हो। उन्होंने निबंधन कार्यालय में स्थापित ‘मे आई हेल्प यू’ काउंटर को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की सुविधा के लिए पर्याप्त हेल्पडेस्क, आवश्यक दस्तावेजों की चेकलिस्ट, निर्धारित शुल्क, निबंधन प्रक्रिया एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने निबंधन की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाने के लिए फ्लो चार्ट तैयार कर होर्डिंग/फ्लेक्स के माध्यम से प्रदर्शित कराने को कहा। इसमें ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज, शुल्क, सत्यापन, पेपरलेस प्रक्रिया एवं निबंधित दस्तावेज प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया को क्रमवार प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यालय में तीन हेल्पडेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पब्लिक इंटरेक्शन वाले काउंटरों पर प्रशिक्षित एवं व्यवहार कुशल कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा। साथ ही सभी संबंधित कर्मियों को निबंधन प्रक्रिया एवं आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कार्यालय परिसर में अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों (FAQ) एवं सामान्य शंकाओं से संबंधित जानकारी का विशेष होर्डिंग/फ्लेक्स लगाने तथा कार्यालय के बाहर नोटिस बोर्ड के समीप टीवी स्क्रीन लगाने का निर्देश दिया। टीवी स्क्रीन पर निबंधन प्रक्रिया, फ्लो चार्ट, आवश्यक दस्तावेज, शुल्क एवं अन्य महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश लगातार प्रदर्शित किए जाने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि आधुनिक पेपरलेस निबंधन व्यवस्था से निबंधन प्रक्रिया को पुराने कागजी तरीके की तुलना में अधिक सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जा सकता है। इसके लिए कार्यालय की व्यवस्थाओं को नागरिक-केंद्रित बनाना आवश्यक है, ताकि आमजन को निबंधन कार्य के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित करने तथा जिला निबंधन कार्यालय में आमजन की सुविधा, पारदर्शिता एवं सम्मानजनक सेवा वितरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने विभिन्न स्टेकहोल्डर्स से वार्ता करते हुए पेपरलेस निबंधन व्यवस्था के सफल क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक सुझाव लिए तथा सभी संबंधित पक्षों को आपसी समन्वय के साथ इस व्यवस्था को प्रभावी एवं सुचारू बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेपरलेस निबंधन व्यवस्था को सफल बनाने में सभी स्टेकहोल्डर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। आमजन को त्वरित, पारदर्शी एवं परेशानी मुक्त सेवा उपलब्ध कराने के लिए सभी संबंधित पक्ष पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
Banka, Bihar | Sep 1, 2026