आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाई गई श्री कृष्ण जन्माष्टमी, नौनिहालों ने कान्हा बनकर बांधा समां
--
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला अशोकनगर द्वारा जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केन्द्रों में उपस्थित नौनिहालों को भगवान श्री कृष्ण के रूप में सुंदर वेशभूषा एवं आभूषणों से सजाया गया। बाल गोपाल के रूप में सजे बच्चों की मनमोहक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने केन्द्रों को फूल-मालाओं तथा झूलों से सजाकर उत्सव का माहौल तैयार किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को भगवान श्री कृष्ण के जीवन एवं शिक्षाओं से रोचक ढंग से अवगत कराया गया तथा उपस्थित अभिभावकों एवं ग्रामीणजनों में प्रसाद वितरण किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ भजन-कीर्तन एवं झांकी प्रस्तुत कर उत्सव को यादगार बनाया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग चंद्रसेना भिड़े ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में सांस्कृतिक एवं नैतिक मूल्यों का विकास होता है तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों के प्रति समुदाय की सहभागिता एवं जुड़ाव भी बढ़ता है।
जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर इस उत्सव को लेकर बच्चों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा गया।
#janmashtami
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Sep 4, 2026