लंबित पत्रों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश
समय-सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा के लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त होने वाले पत्रों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्राप्त निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर श्री मालवीय ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिकायतों का निराकरण तत्परता एवं गंभीरता के साथ किया जाए। शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होनें सीएम हेल्पलाईन के अंतर्गत बी एवं डी ग्रेड में रहने वाले विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस दिये जाने के निर्देश दिये। साथ ही 100 दिवस से ऊपर वाले विभागों के अधिकारियों पर पेनॉल्टी लगाये जाने के निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर श्री मालवीय ने मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविरों में प्राप्त आवेदनों के विभागवार निराकरण एवं लंबित आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने वीआईपी निरीक्षण प्रतिवेदनों को संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए शेष लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान नगर पालिका अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों, जल निगम के कार्यों की प्रगति तथा चंदेरी माइक्रो सिंचाई परियोजना के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी जनपदों पंचायतों,तहसीलों एवं ग्राम पंचायतों में हेल्प काउंटर स्थापित किये जाने के निर्देश दिये जिससे स्थानीय स्तर पर ई-केवायसी सहित अन्य ऑनलाईन सेवाएं नागारिकों को आसानी से प्राप्त हो सके।
बैठक में आधार सत्यापन,खाद की उपलब्धता,ई-टोकन बुकिंग,समाचार पत्रों में प्रकाशित नकारात्मक खबरों का विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन,खाद्यान वितरण तथा नीति चिंतन 2026 हेतु प्रतिभागी सुझाव के संबंध में विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिये गए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश कुमार जैन,अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्री विकास कुमार आनंद,एसडीएम श्री इसरार खान सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही गूगल मीट के माध्यम से सभी एसडीएम,तहसीलदार,सीएमओं,सीईओ ने जुडकर भाग लिया।
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026