#बालाघाट
शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित
लंबित प्रकरणों का सात दिवस में निराकरण करने के जिला शिक्षा अधिकारी ने दिए निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन की अध्यक्षता में 5 नवंबर 2026 को स्कूल शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों एवं विभागीय कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और लंबित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी कटंगी, लालबर्रा, बालाघाट, वारासिवनी, खैरलांजी एवं किरनापुर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान कर्मचारी संगठनों से प्राप्त विभिन्न मांगों एवं समस्याओं की समीक्षा की गई। इनमें लंबित एरियर भुगतान, समयमान वेतनमान, शिक्षकों को क्रमोन्नति योजना का लाभ, वरिष्ठता सूची का संधारण, अर्जित अवकाश के नगदीकरण, पेंशन प्रकरण सहित अन्य विभागीय समस्याएं शामिल रहीं।
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन ने सभी विषयों पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित संकुल प्राचार्यों एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए आगामी सात दिवस के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि कर्मचारियों से संबंधित लंबित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो तथा सभी अधिकारी समय-सीमा में कार्रवाई पूरी करें।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#schooledump