#बालाघाट
सुरक्षित बचपन अभियान के तहत स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बाल सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट एवं साइबर अपराधों से बचाव की दी गई जानकारी
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत बालाघाट के टैगोर मोंटेसरी स्कूल एवं श्री दादाबाड़ी हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के समन्वय से आयोजित इस अभियान में छात्र-छात्राओं को बाल सुरक्षा एवं उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों को बाल यौन उत्पीड़न से बचाव, बच्चों के अधिकारों तथा पॉक्सो एक्ट (POCSO Act), 2012 के प्रावधानों के बारे में बताया गया। साथ ही अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने की समझाइश भी दी गई।
बच्चों को बताया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार या साइबर अपराध की स्थिति में बिना डर के अभिभावकों एवं शिक्षकों को इसकी जानकारी दें। इसके साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minlaw5 #schooledump