नक्सलवाद से मुक्त बालाघाट के 100 गांवों के विकास पर खर्च होंगे 330 करोड़ रुपये
800 से अधिक विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार, मिशन आदि सेवा के तहत हर गांव में बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी और सभा मंच
पर्यटन सर्किट, बैगा हाट, होम स्टे और ई-मार्ट से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते
नक्सलवाद से मुक्ति के बाद बालाघाट जिले के नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कलेक्टर श्री आदित्य सिंह द्वारा विशेष फोकस किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर कलेक्टर श्री सिंह ने इन गांवों के समग्र विकास के लिए मिशन आदि सेवा के तहत व्यापक कार्ययोजना तैयार कराई है। उनका प्रयास है कि वर्षों तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएं तथा ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले।