#बालाघाट
मतदान के महत्व पर निबंध एवं वीवीपैट प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित
खैरलांजी की मौसमी चौधरी ने प्रश्नोत्तरी में प्राप्त किया प्रथम स्थान, विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यालय कलेक्टर के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट में मतदान के महत्व पर निबंध एवं वीवीपैट, पोलिंग बूथ तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे की अध्यक्षता एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) की जिला नोडल अधिकारी डॉ. डुलेश्वरी टेम्भरे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इसमें जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों तथा विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय खैरलांजी की मौसमी चौधरी ने प्रथम, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय बालाघाट के अंकेश कुमार बाहेश्वर ने द्वितीय तथा शासकीय महाविद्यालय किरनापुर के धनंजय ठाकरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर सांदीपनि विद्यालय की मानसी कलिहारे प्रथम तथा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की चंचल उईके द्वितीय रहीं। वहीं महाविद्यालय स्तर पर पॉलिटेक्निक महाविद्यालय की कृति पंचेश्वर एवं प्राची पारधी ने क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया। शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा की सायमा अली तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्राध्यापकों एवं शिक्षकों का निर्णायक मंडल गठित किया गया था। आयोजन में प्रोफेसर पवन बागड़े, प्रोफेसर अनिल हनवत, प्रोफेसर सुखचंद एडे सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापकों एवं शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली तथा निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देकर जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना था।
#ECISVEEP #ECI #highereducation #CEOMPElections