समाहरणालय, पूर्णिया
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति:-1902,
दिनांक:-15 नवंबर 2026
====================
केंद्रीय कारा, पूर्णिया में 63 बंदी कर रहे छठ व्रत, जेल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था:-
लोक आस्था का महापर्व छठ केंद्रीय कारा, पूर्णिया में भी पूरी श्रद्धा, आस्था एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। केंद्रीय कारा में कुल 63 बंदी छठ व्रत कर रहे हैं, जिनमें 40 महिला एवं 23 पुरुष बंदी शामिल हैं।
छठ महापर्व को लेकर कारा परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। व्रतियों की सुविधा एवं धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन की ओर से छठ पूजा से संबंधित सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। साथ ही, कारा परिसर में व्रतियों के लिए छठ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। घाट की साफ-सफाई एवं साज-सज्जा का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि सभी व्रती पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की आराधना कर सकें।
कारा परिसर में बज रहे छठ के पारंपरिक एवं भक्तिमय गीतों से पूरा वातावरण छठमय हो गया है।
इस संबंध में केंद्रीय कारा अधीक्षक, पूर्णिया श्री मनोज कुमार ने बताया कि महिला एवं पुरुष बंदियों के लिए छठ व्रत से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जेल प्रशासन द्वारा की गई हैं। सभी व्रतियों की सुविधाओं एवं आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान रखा गया है। जेल प्रशासन द्वारा बंदियों को उनकी धार्मिक आस्था एवं परंपराओं के अनुरूप छठ महापर्व मनाने की समुचित सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#cmsamrat
#samratchoudhary
#pmmodi
#chathimaiya
Purnia, Bihar | Nov 15, 2026