समाहरणालय,पूर्णिया
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति:-1896
दिनांक :-14 नवंबर 2026
====================
छठ महापर्व को लेकर प्रभारी जिला पदाधिकारी एवं सहायक समाहर्ता ने विभिन्न छठ घाटों का किया संयुक्त निरीक्षण:-
छठ व्रतियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश, साफ-सफाई, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर:-
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रभारी जिला पदाधिकारी, पूर्णिया श्री मुकेश कुमार मुकुल एवं सहायक समाहर्ता सुश्री कुमुद मिश्रा द्वारा आज दिनांक 14 नवंबर, 2026 को जिले के विभिन्न छठ घाटों का संयुक्त रूप से भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में दोनों वरीय अधिकारियों ने सर्वप्रथम बायसी अनुमंडल अंतर्गत परमान नदी छठ घाट, महानंदा नदी छठ घाट तथा अमौर दुर्गा मंदिर छठ घाट का जायजा लिया।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, बायसी श्री अभिषेक कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा सम्बंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान प्रभारी जिला पदाधिकारी एवं सहायक समाहर्ता ने घाटों की साफ-सफाई, छठ व्रतियों के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था, सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की स्थिति का विशेष रूप से निरीक्षण किया।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए प्रमुख निर्देश :
1. घाटों की समुचित साफ-सफाई : सभी छठ घाटों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की भी नियमित सफाई कराई जाए।
2. चेंजिंग रूम की व्यवस्था : छठ व्रतियों, विशेषकर महिला श्रद्धालुओं की सुविधा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए घाटों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षित एवं सुविधाजनक चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
3. बैरिकेडिंग की व्यवस्था : श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी एवं जलाशयों में निर्धारित सुरक्षित सीमा तक मजबूत बैरिकेडिंग कराई जाए। खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित करते हुए वहां विशेष सतर्कता बरती जाए।
4. समुचित प्रकाश व्यवस्था : सभी छठ घाटों, संपर्क मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संध्या एवं प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान विशेष रूप से रोशनी की समुचित व्यवस्था रहे।
#cmsamrat
#samratchoudhary
#pmmodi
Purnia, Bihar | Nov 14, 2026