समाजकार्य के विद्यार्थियों की संपर्क कक्षा आयोजित
विद्यार्थियों ने सीखा गांधी जी के जीवन से सत्य, अहिंसा एवं भाईचारे का संदेश
==================================
मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय तामिया में आज समाजकार्य के छात्र- छात्राओं की संपर्क कक्षा का आयोजन किया गया। संपर्क कक्षा के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को उनके जीवन, विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन एवं विकासखंड समन्वयक श्रीमती ललिता कुशरे के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री पंकज राय, श्रीमती स्वाति सूर्यवंशी, श्री सुभाष मिनोटे, श्री संदीप राज एवं श्री महेंद्र यादव का सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेविका, पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं वन विभाग में कार्यरत डिप्टी रेंजर श्रीमती माया धुर्वे उपस्थित थी। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं परिचय के साथ हुआ। मंच संचालन करते हुए परामर्शदाता श्री संदीप राज ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के प्रथम उद्बोधन में परामर्शदाता श्री सुभाष मिनोटे ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन एवं व्यक्तित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने गांधी जी के जन्म, शिक्षा-दीक्षा, सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान की जानकारी विद्यार्थियों को दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग, अनुशासन, स्वावलंबन और भाईचारे की प्रेरणा देता है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और शौर्य का भी उल्लेख किया।
श्री मिनोटे ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शास्त्री जी ने देश की सुरक्षा एवं कृषि क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए जवान और किसान दोनों के महत्व को रेखांकित किया। उनके द्वारा दिए गए “जय जवान, जय किसान” के संदेश का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और खाद्य आत्मनिर्भरता देश की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं।
मुख्य अतिथि श्रीमती माया धुर्वे ने विद्यार्थियों को गांधी जी के जीवन से प्रेरणा लेते हुए समाज सेवा, मानवता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय सहभागिता से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा मानव जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
परामर्शदाता श्रीमती स्वाति सूर्यवंशी ने समाजसेवा के क्षेत्र में सहयोग एवं समन्वय की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं परामर्शदाता श्री पंकज राय ने गांधी जी के जीवन मूल्यों को आत्मसात करते हुए सत्य, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि राष्ट्र निर्माण केवल शासन अथवा किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से ही एक मजबूत, संवेदनशील एवं विकसित समाज का निर्माण संभव है। सत्य, अहिंसा, भाईचारा, मानवता, सामाजिक सेवा एवं सड़क सुरक्षा जैसे मूल्यों को व्यवहार में अपनाकर युवा देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, परामर्शदाताओं, समिति सदस्यों एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh