घर बैठे बनाएं ABHA कार्ड, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ेंगे लोग
जहानाबाद : अब जिले के लोग घर बैठे अपने मोबाइल फोन से आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (ABHA) बना सकेंगे। इसके लिए उन्हें किसी कार्यालय या स्वास्थ्य केंद्र का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। जिला प्रशासन की पहल पर ABHA निर्माण को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सोमवार को समाहरणालय के सभा कक्ष में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में ABHA निर्माण एवं इससे संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने जिले के अधिक से अधिक नागरिकों का ABHA बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ABHA डिजिटल स्वास्थ्य पहचान के रूप में काम करता है। इसके माध्यम से लोग अपने स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में सुरक्षित और व्यवस्थित रख सकते हैं। अस्पताल, क्लीनिक और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी प्रक्रिया में भी इससे सुविधा मिल सकती है।
डीएम ने शिक्षा विभाग, जीविका और आईसीडीएस के अधिकारियों को अपने-अपने स्तर से लोगों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक ABHA बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं, आशा कार्यकर्ताओं को M-ABHA के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को ABHA निर्माण में सहयोग करने को कहा गया।
डीएम ने बताया कि नागरिक ABHA ऐप के माध्यम से मोबाइल से ही पंजीकरण कर सकते हैं। उपलब्ध पहचान सत्यापन विकल्पों के जरिए कुछ ही मिनट में ABHA बनाया जा सकता है। इसके लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाता है। स्वास्थ्य विभाग को प्रक्रिया और उपयोगिता की जानकारी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपना ABHA बनवाने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की है।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 21, 2026