प्रेस विज्ञप्ति
लीगल गार्जियनशिप के आवेदन पर जिला स्तरीय लोकल लेवल कमेटी की बैठक आयोजित, जाँच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश
अरवल, दिनांक 25 नवंबर 2026: जिला पदाधिकारी, अरवल की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में कानूनी संरक्षकता (Legal Guardianship) प्रदान करने हेतु ऑनलाइन प्राप्त आवेदन की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय लोकल लेवल कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कमेटी के सभी सदस्य एवं आवेदक उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रीय न्यास अधिनियम, 1999 के अंतर्गत प्राप्त आवेदन तथा उससे संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जाँच एवं भौतिक सत्यापन के संबंध में विचार-विमर्श किया गया। उक्त अधिनियम में ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी, बौद्धिक दिव्यांगता एवं बहुदिव्यांगता वाले व्यक्तियों के लिए कानूनी संरक्षकता का प्रावधान है।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सहायक निदेशक, श्रीमती माला कुमारी को जाँच समिति गठित करने का निर्देश दिया। समिति आवेदक तथा जिस व्यक्ति के लिए कानूनी संरक्षकता का अनुरोध किया गया है, उनकी वर्तमान स्थिति का स्थलीय सत्यापन करेगी। साथ ही, आवेदन से संबंधित दस्तावेजों एवं अन्य आवश्यक तथ्यों की समग्र जाँच कर विस्तृत प्रतिवेदन समय पर लोकल लेवल कमेटी के समक्ष प्रस्तुत करेगी, ताकि आवेदन पर नियमानुसार निर्णय लिया जा सके।
Arwal, Bihar | Nov 25, 2026