प्रेस विज्ञप्ति
जीविका, अरवल | दिनांक: 25 नवंबर 2026
जिला पदाधिकारी के कुशल नेतृत्व में अरवल के सभी प्रखंडों में ‘नई चेतना 5.0’ अभियान का शुभारंभ
जिला पदाधिकारी, अरवल, श्रीमती अमृषा बैंस के कुशल नेतृत्व में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर जिले के सभी पाँच प्रखंडों—अरवल, करपी, कलेर, कुर्था एवं सोनभद्र-बंशी-सूर्यपुर—में जीविका दीदियों एवं जीविका कर्मियों द्वारा ‘नई चेतना 5.0 – लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध एक जन आंदोलन’ अभियान का शुभारंभ सामूहिक जेंडर शपथ के साथ किया गया। यह अभियान 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक संचालित होगा।
इस अवसर पर संकुल स्तरीय संघों, ग्राम संगठनों, जीविका कार्यालयों एवं जीविका दीदी अधिकार केंद्रों पर जीविका दीदियों ने हाथ में हाथ लेकर लिंग आधारित भेदभाव और हिंसा के विरुद्ध चुप्पी तोड़ने की शपथ ली। उन्होंने संकल्प लिया कि वे न हिंसा करेंगी, न हिंसा सहेंगी और न ही किसी को हिंसा करने देंगी तथा समान, सुरक्षित एवं हिंसामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँगी।
इस वर्ष अभियान का मुख्य केंद्र हिंसा की पहचान, हिंसा के खिलाफ आवाज उठाना और हिंसा से प्रभावित व्यक्तियों को सहयोग प्रदान करना है। इसके अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को लिंग आधारित हिंसा, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रथा, यौन उत्पीड़न तथा महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, थानों में महिला हेल्प डेस्क, वन स्टॉप सेंटर एवं जीविका दीदी अधिकार केंद्र जैसे सहायता तंत्रों की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान सामुदायिक बैठकें, जेंडर चौपाल, शपथ कार्यक्रम, रैलियाँ, रंगोली, मानव शृंखला, लिंग संवाद, सफलता की कहानियों का साझाकरण तथा विभागीय समन्वय से संबंधित गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। इन गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए समान, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा।
Arwal, Bihar | Nov 25, 2026