सेवा संकल्प अभियान के तहत निवाड़ी सब जेल में आयुष शिविर आयोजित
105 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण, योगाभ्यास एवं रक्त परीक्षण कर वितरित की गई आयुर्वेदिक औषधियां
--
मध्यप्रदेश शासन के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के आदेशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयुष विभाग निवाड़ी द्वारा निवाड़ी सब जेल में आयुष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के आयोजन में जेल अधीक्षक श्री शैलेंद्र सिंह का सहयोग प्राप्त हुआ।
शिविर में सर्वप्रथम योगाभ्यास कराया गया। आयुष विभाग द्वारा सभी बंदियों को योगाभ्यास कराया गया तथा उन्हें नियमित योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
इसके पश्चात आयुष विभाग की चिकित्सक डॉ. रूप माला भारती द्वारा सभी बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में कुल 105 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें आयुर्वेदिक औषधियां उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान जिला अस्पताल के श्री दीपक रावत द्वारा बंदियों का रक्त परीक्षण भी किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा सेवाओं में श्री अनिल कुमार अहिरवार (कंपाउंडर) एवं श्री आदित्य नायक (दवासाज) का सहयोग प्राप्त हुआ।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस आयुष शिविर के माध्यम से बंदियों को योग, आयुर्वेदिक चिकित्सा, स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नियमित योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया।
Home Department of Madhya Pradesh Department of Ayush, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #HealthCamp #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #jansamparkMP #niwari