सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में आयुर्वेद एवं योग शिविर आयोजित
--
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयुर्वेद चिकित्सा एवं योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत ग्राम पंचायत थौना, तरीचर कला, सेंदरी, उरदौरा, चोमों, गैलवारा सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर लगाकर ग्रामीण नागरिकों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आयुर्वेद चिकित्सा शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुष विभाग की चिकित्सकीय टीम द्वारा नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। आवश्यकता के अनुसार आयुर्वेदिक औषधियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
शिविरों के साथ-साथ योग शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है। आयुष विभाग की टीम द्वारा ग्रामीण नागरिकों को योग के महत्व एवं नियमित योगाभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी दी जा रही है। शिविरों में नागरिकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा नियमित रूप से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति, तनाव में कमी तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
वर्तमान मौसम में गर्मी एवं लू से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए शिविरों में नागरिकों को लू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों को पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करने, तेज धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, हल्के एवं पौष्टिक भोजन का सेवन करने तथा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी जा रही है। गर्मी एवं लू से संबंधित आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियां भी नागरिकों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविरों के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति, योग, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं नियमित दिनचर्या के महत्व की जानकारी दी जा रही है। आयुष विभाग की टीम द्वारा नागरिकों को दैनिक जीवन में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा रोगों से बचाव के लिए प्राकृतिक, संतुलित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किए जा रहे इन आयुर्वेद एवं योग शिविरों से ग्रामीणों को अपने गांव में ही स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक औषधियां तथा योगाभ्यास का लाभ मिल रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन को योग एवं आयुर्वेद के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
Department of Ayush, Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh #HealthCamp #yoga #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #jansamparkMP #niwari