आईएचएम ग्वालियर के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने किया ओरछा का शैक्षणिक भ्रमण
--
पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), ग्वालियर के स्नातक पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ओरछा के प्रमुख ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर विरासत, संस्कृति, पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने ओरछा स्थित किला परिसर का भ्रमण किया। यहां विद्यार्थियों ने बुंदेला कालीन स्थापत्य कला, महलों की वास्तुकला, भित्तिचित्रों तथा ऐतिहासिक संरचनाओं का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने स्मारकों के संरक्षण, विरासत पर्यटन तथा पर्यटकों के लिए विकसित की जाने वाली सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने बेतवा नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध छतरियों का भ्रमण किया। यहां उन्होंने बुंदेला शासकों की स्मृति में निर्मित छतरियों की स्थापत्य शैली, निर्माण कला एवं ऐतिहासिक महत्व को समझा। विद्यार्थियों ने ओरछा की ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक परिवेश के बीच पर्यटन विकास की संभावनाओं का भी अवलोकन किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने होटल बेतवा रिट्रीट का भी शैक्षणिक अवलोकन किया। होटल में विद्यार्थियों को होटल संचालन, अतिथि सत्कार, फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज सर्विस सहित आतिथ्य प्रबंधन के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने होटल उद्योग में कार्यप्रणाली, पर्यटकों की आवश्यकताओं तथा बेहतर आतिथ्य सेवाओं के महत्व को समझा।
यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक पर्यटन एवं आतिथ्य स्थलों के अनुभव से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों ने विरासत पर्यटन, होटल प्रबंधन एवं पर्यटक सेवा से जुड़े व्यावहारिक पक्षों को करीब से जाना तथा ओरछा की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को समझा। इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. अभिनव भट्ट, प्रो. फिरोज खान, प्रो. जॉयस किम, वरिष्ठ प्रबंधक गिरीश मौर्य, सहायक प्रबंधक गर्वित शर्मा सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Madhya Pradesh Tourism Jansampark Madhya Pradesh #ओरछा #jansamparkMP #niwari