मोगली बाल उत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई पर्यावरण जागरूकता, विकासखंड स्तर पर हुआ आयोजन
--
विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा, जैव विविधता और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड निवाड़ी एवं पृथ्वीपुर में विकासखंड स्तरीय ‘मोगली बाल उत्सव-2026’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निवाड़ी में प्रतियोगिता शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा पृथ्वीपुर में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित हुई।
प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से कक्षा 6वीं से 8वीं तक के कनिष्ठ वर्ग तथा कक्षा 9वीं से 12वीं तक के वरिष्ठ वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में पर्यावरण, वन्यजीव, वन संरक्षण, जैव विविधता एवं प्रकृति से संबंधित विषयों पर लिखित बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई।
पृथ्वीपुर विकासखंड में कनिष्ठ वर्ग के बालक वर्ग में आर्तिक अडजरिया, संदीपनि विद्यालय पृथ्वीपुर तथा बालिका वर्ग में काव्या नायक, संदीपनि विद्यालय पृथ्वीपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग के बालक वर्ग में आशीष रैकवार, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पृथ्वीपुर तथा बालिका वर्ग में विमलेश पाल, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पृथ्वीपुर प्रथम रहे।
इसी प्रकार निवाड़ी विकासखंड के कनिष्ठ वर्ग में बालक वर्ग से अर्स खान, पीएम श्री विद्यालय पूछी करगुवां तथा बालिका वर्ग से संजना कोरी, मॉडल स्कूल निवाड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में बालक वर्ग से श्याम पुरोहित, हाई स्कूल पिपरा तथा बालिका वर्ग से प्राची कोरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मॉडल निवाड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
विजेता छात्र-छात्राओं को जिला इको क्लब प्रभारी एवं एपीसी श्री भगवत सिंह तथा मॉडल प्राचार्य एवं जिला एडीपीसी श्री रोहित शुक्ला द्वारा शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कनिष्ठ एवं वरिष्ठ दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले एक-एक छात्र एवं छात्रा आगामी जिला स्तरीय ‘मोगली बाल उत्सव’ प्रतियोगिता में अपने-अपने विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मॉडल प्राचार्य एवं जिला एडीपीसी श्री रोहित शुक्ला, जिला इको क्लब प्रभारी श्री भगवत सिंह एवं उत्कृष्ट प्राचार्य श्रीमती प्रत्यय प्रीति बुंदेला ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सहयोगी स्टाफ एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता को व्यवस्थित एवं विधिवत संपन्न कराने में विकासखंड निवाड़ी के परीक्षा प्रभारी श्री पवन प्रकाश सोनी, उच्च माध्यमिक शिक्षक तथा विकासखंड पृथ्वीपुर के परीक्षा प्रभारी श्री चेतराम कोरी, उच्च माध्यमिक शिक्षक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
#मोगली_बाल_उत्सव #jansamparkMP #niwari