आस्था पर हमला है भलुनीधाम मंदिर में चोरी: विधायक आलोक सिंह, चोरी गए आभूषणों से पांच गुना अधिक गहनों से होगा मां का श्रृंगार
पटना से भागे-भागे मंदिर पहुंचे विधायक, सीसीटीवी लगाने और सरकारी भवनों को प्रशासन के कब्जे में लेने का दिया निर्देश
रोहतास। भलुनीधाम स्थित मां यक्षिणी भवानी मंदिर में चोरी की घटना को दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने आस्था पर हमला बताया है। मंदिर में चोरी की सूचना मिलने के बाद रविवार को विधायक सुबह करीब पटना से सीधे भलुनीधाम मंदिर पहुंचे। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
विधायक ने रोहतास एसपी श्री राज से मांग की कि मां यक्षिणी भवानी के चोरी गए सभी आभूषणों की शीघ्र बरामदगी की जाए और घटना में शामिल चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि हमने अपने पहले वेतन से माता के चरणों में मुकुट चढ़ाया था। इस मंदिर से हमारी गहरी आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि पहले यहां पुलिस चौकी नहीं थी, लेकिन पुलिस चौकी बनने और पुलिस पदाधिकारी की तैनाती के बाद भी चोरी की घटना हो गई।
उन्होंने कहा कि माता का आशीर्वाद मेरे साथ है। जितना सामान चोरी हुआ है, उससे पांच गुना अधिक आभूषण बनवाकर मां यक्षिणी भवानी का भव्य श्रृंगार कराया जाएगा। मंदिर परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और प्रशासन के रहने की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
विधायक ने मंदिर परिसर में बने सरकारी भवनों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यहां कई सरकारी भवन तैयार हैं, लेकिन उनकी चाबी दूसरे लोगों के पास है और कुछ लोग इससे पैसा कमा रहे हैं। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम दिलीप कुमार से तत्काल सभी सरकारी भवनों की चाबी अपने कब्जे में लेने की बात कही।
विधायक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि निजी स्वार्थ छोड़कर सामाजिक कार्यों के लिए सभी को आगे आना होगा। तभी इस धार्मिक स्थल का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंदिर राजनीति करने की जगह नहीं, बल्कि माता की आस्था का केंद्र है।
मंदिर प्रबंधन की व्यवस्था पर भी विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पूजा के समय सभी लोग मौजूद रहते हैं, लेकिन रात होते ही गायब हो जाते हैं। मंदिर की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
अंत में विधायक ने कहा कि उन्हें रोहतास पुलिस पर पूरा भरोसा है। उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही इस चोरी की घटना का उद्भेदन कर दोषियों को गिरफ्तार करेगी।