भलुनीधाम मंदिर में 15 लाख के आभूषण चोरी, अज्ञात चोरों पर FIR दर्ज, डॉग स्क्वायड और FSL टीम ने की जांच
चोरी के बाद भी भक्तों की आस्था बरकरार, सोमवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
दिनारा के प्रसिद्ध भलुनीधाम मंदिर में चोरी की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंदिर से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने के मामले में दिनारा थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और FSL की टीम भी मंदिर पहुंची।
मंदिर में पूजा करने पहुंचे खारिका गांव निवासी पुजारी संजय कुमार पंडित के आवेदन पर दिनारा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दिनारा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आवेदन में करीब 15 लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने की बात कही गई है।
इधर, रविवार को डेहरी से पहुंची डॉग स्क्वायड की टीम ने एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह के नेतृत्व में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की। टीम ने विशेष रूप से उस रास्ते का निरीक्षण किया, जिस रास्ते से चोरों के मंदिर में प्रवेश करने की आशंका है। हालांकि, सुबह आरती-पूजा के लिए मंदिर परिसर की साफ-सफाई हो जाने के कारण टीम को जांच में कुछ कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
वहीं, चोरी की घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
चोरी के बाद भी आस्था बरकरार
मंदिर में चोरी की घटना के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। सोमवार को भी सुबह मां यक्षिणी भवानी के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में भक्त पहुंचे। श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव से मां के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते नजर आए।