दिलीप तिर्की को हिरासत में रखने की सूचना पर बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवाल, हेमंत सोरेन से मांगा जवाब
सिमडेगा पुलिस द्वारा दिलीप तिर्की को हिरासत में लिए जाने की सूचना के बाद झारखंड की राजनीति गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधा है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से सवाल उठाया कि हिरासत में लिए जाने के बाद भी दिलीप तिर्की के परिजनों को उनके ठिकाने की जानकारी क्यों नहीं दी जा रही है। मरांडी ने कहा कि दिलीप की बहन ने वीडियो जारी कर अपने भाई की सलामती को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि यदि उनके भाई के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए विधायक भूषण बाड़ा और सिमडेगा पुलिस जिम्मेदार होंगे। बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग करते हुए दिलीप तिर्की को सुरक्षित रूप से प्रस्तुत करने और उनकी स्थिति स्पष्ट करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और हिरासत से संबंधित जानकारी परिजनों को मिलनी चाहिए।