जन्माष्टमी को लेकर जिले में कड़ी सुरक्षा, सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस की सतत निगरानी
जहानाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक जहानाबाद के निर्देश पर शुक्रवार, 4 सितंबर को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सतत निगरानी एवं गश्ती की जा रही है।
बाजारों, प्रमुख मार्गों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है। पुलिस टीमों द्वारा लगातार भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। लोगों से भी शांति एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 4, 2026