#बालाघाट
राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा
कलेक्टर आदित्य सिंह ने बैहर में ली स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के दिए निर्देश
जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने 30 अक्टूबर को एकलव्य आवासीय विद्यालय परिसर, बैहर में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में उन्होंने दोनों विभागों के खंड स्तरीय अधिकारियों, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजर एवं पंचायत सचिवों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम श्री अनिकेत शांडिल्य एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए 15 दिवसीय विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं पंचायत सचिव आपसी समन्वय से गांववार पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार करें। विशेष रूप से धात्री महिलाओं तथा 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों की आयु के अनुसार सूची तैयार की जाए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं से वंचित न रहे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को निर्धारित रजिस्टरों का नियमित संधारण एवं अद्यतन करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने बच्चों के पोषण आहार वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा सभी पात्र बच्चों को समय पर पोषण आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों का निर्धारित समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए और कोई भी बच्चा टीकाकरण से छूटने न पाए। इसके लिए आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियमित रूप से हितग्राहियों से संपर्क करें।
बैठक में दूरस्थ ग्रामों में एम्बुलेंस सुविधा की उपलब्धता नहीं होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने ऐसे ग्रामों में एक रिसोर्स पर्सन का चयन करने के निर्देश दिए, जो आवश्यकता पड़ने पर बीमार बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाने में सहयोग कर सके। इसके लिए चयनित रिसोर्स पर्सन को आवश्यक सहायता राशि उपलब्ध कराने के संबंध में कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के मैदानी अमले के साथ पंचायत सचिवों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित कर्मचारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जो आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य अधिकारी एवं पंचायत सचिव अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में उत्कृष्ट कार्य करेंगे, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 15 दिवसीय विशेष अभियान को गंभीरता से संचालित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सभी विभागों को सक्रिय सहभागिता निभाने के निर्देश दिए।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#healthminmp