#बालाघाट
वारासिवनी में निशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर आयोजित
56 श्वानों एवं बिल्लियों का टीकाकरण, 19 पशुओं का किया स्वास्थ्य परीक्षण
पशुओं को रेबीज जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने तथा पशु स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर को पशु चिकित्सालय वारासिवनी में निशुल्क एंटी रेबीज टीकाकरण शिविर एवं पशु स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपसंचालक डॉ. घनश्याम परते के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में 54 श्वानों एवं 2 बिल्लियों सहित कुल 56 पशुओं का एंटी रेबीज टीकाकरण किया गया, जबकि 19 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर में पशु चिकित्सकों ने पशुपालकों एवं नागरिकों को रेबीज बीमारी के लक्षण, संक्रमण के खतरे और बचाव के उपायों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बताया कि रेबीज एक गंभीर एवं जानलेवा बीमारी है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी उपाय पालतू कुत्तों एवं बिल्लियों का समय पर टीकाकरण कराना है। उन्होंने पशुपालकों से अपने पालतू पशुओं का नियमित टीकाकरण कराने तथा उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।
कार्यक्रम में पशु स्वास्थ्य संरक्षण, वैज्ञानिक पशुपालन और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के संबंध में भी जागरूक किया गया। शिविर का उद्देश्य पशुओं को जानलेवा बीमारियों से सुरक्षित रखने के साथ ही रेबीज के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और पशु स्वास्थ्य एवं जनस्वास्थ्य के बीच संबंधों को रेखांकित करना रहा। इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह नागपुरे, सिविल सर्जन, डॉ. योगेंद्र कुमार घोड़ेस्वार, जिला पशु प्रजनन कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. अरुण नेमा, वरिष्ठ पशु चिकित्सा शल्यज्ञ, किशोर बोपचे, डॉ. विजय मानेश्वर, पशु चिकित्सा शल्यज्ञ, डॉ. देवव्रत डेहरिया, बीवीओ सहित समस्त सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी एवं मैत्री गौ सेवक उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#mp_husbandry
Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026