प्रेस विज्ञप्ति
जिला स्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला में उमड़ा किसानों का जनसैलाब, हजारों की संख्या में किसानों ने लिया भाग
मोतिहारी, दिनांक : 05 नवंबर 2026।
कृषि विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में आज जिला कृषि अभियंत्रण कार्यालय, पूर्वी चंपारण द्वारा जिला स्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला का भव्य आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन माननीय विधायक, मोतिहारी श्री प्रमोद कुमार,माननीय विधायक, चिरैया श्री लाल बाबू गुप्ता एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन उपनिदेशक, कृषि अभियंत्रण, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से हजारों की संख्या किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए माननीय विधायक, मोतिहारी श्री प्रमोद कुमार एवं माननीय विधायक, चिरैया श्री लाल बाबू गुप्ता ने किसानों से आधुनिक कृषि यंत्रों को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि में यंत्रीकरण को बढ़ावा देने से खेती की लागत एवं श्रम में कमी आएगी तथा कृषि कार्यों को समय पर पूरा करने में सहायता मिलेगी। इससे किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
मेले में विभिन्न कृषि यंत्र निर्माताओं एवं विक्रेताओं द्वारा आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें रोटावेटर, सुपर सीडर, जीरो टिलेज मशीन, सीड ड्रिल, रीपर, थ्रेसर, पावर टिलर, स्ट्रॉ रीपर एवं अन्य आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन किया गया।
मेले के दौरान किसानों को कृषि यांत्रिकरण योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा निर्धारित अनुदान, कृषि यंत्रों पर मिलने वाली सब्सिडी, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एवं योजना की पात्रता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कृषि यंत्रों के उपयोग, रखरखाव तथा फसल अवशेष प्रबंधन के महत्व पर भी किसानों को जागरूक किया गया।
उपनिदेशक, कृषि अभियंत्रण, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग समय की मांग है। कृषि यंत्रीकरण से खेती में समय एवं श्रम की बचत के साथ-साथ उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि संभव है। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
मेले में किसानों ने विभिन्न कृषि यंत्रों की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की तथा अपनी आवश्यकता के अनुसार कृषि यंत्रों के चयन एवं खरीदारी में रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी,सभी जिला ,अनुमंडल , प्रखण्ड स्तरीय पदाधिकारी एवं सभी कृषि कर्मी, कृषि यंत्र निर्माता एवं विक्रेता तथा जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए हजारों की संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Department of Agriculture, Government of Bihar