प्रेस विज्ञप्ति
विशेष एन.आई. एक्ट लोक अदालत एवं राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु पाँच प्रचार रथ रवाना
मोतिहारी, पूर्वी चम्पारण।
विशेष एन.आई. एक्ट लोक अदालत, दिनांक 21 नवम्बर 2026 तथा राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सफल आयोजन के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी द्वारा कुल पाँच प्रचार रथ रवाना किए गए। माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, श्री अभिषेक कुमार दास ने हरी झंडी दिखाकर इन प्रचार रथों को रवाना किया।
इस अवसर पर जिला न्यायमंडल के अन्य माननीय न्यायिक पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री नितिन त्रिपाठी ने बताया कि इन प्रचार रथों के माध्यम से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष एन.आई. एक्ट लोक अदालत के संबंध में व्यापक जागरूकता फैलाई जाएगी। आम नागरिकों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों तथा चेक बाउंस से संबंधित मामलों के पक्षकारों को इस लोक अदालत के महत्व एवं लाभों की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने आगे बताया कि प्रचार रथों के माध्यम से राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 3.0 का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा आम लोगों को मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का सौहार्दपूर्ण, त्वरित एवं आपसी सहमति से समाधान करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सचिव श्री त्रिपाठी ने कहा कि मध्यस्थता विवादों के समाधान का एक प्रभावी माध्यम है, जिसमें पक्षकार स्वयं संवाद एवं सहमति के आधार पर अपने विवादों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इससे न केवल न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम होता है, बल्कि सामाजिक सौहार्द एवं आपसी संबंध भी कायम रहते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई कि वे विशेष एन.आई. एक्ट लोक अदालत एवं मध्यस्थता अभियान 3.0 का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा विवादों के समाधान के लिए सुलह, समझौता एवं मध्यस्थता की प्रक्रिया को अपनाएं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चम्पारण, मोतिहारी
Information & Public Relations Department, Government of Bihar