प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 05/11/2026
संग्रहित आंकड़े आपके सुरक्षित और विकसित भविष्य के लिए नितांत आवश्यक - सहायक निदेशक, जनगणना निदेशालय
समाहरणालय अवस्थित डॉ. राजेन्द्र भवन के सभागार में जनगणना-2027 के दूसरे चरण के जिला स्तरीय प्रशिक्षण के चौथे बैच के प्रथम दिन सत्रारंभ करते हुए उक्त बातें श्री लोकनाथ भारती, सहायक निदेशक, जनगणना निदेशालय ने कही।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल गिनती नहीं है, यह राष्ट्र का भविष्य तय करती है। आपके द्वारा दिया गया एक-एक आंकड़ा आपके बच्चों की शिक्षा, आपके परिवार के स्वास्थ्य, आपके गाँव-शहर की सड़क, बिजली, पानी, निर्वाचन परिसीमन के लिए मुख्य आधार,राशन और रोजगार की योजनाओं का आधार बनता है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी चार्ज अधिकारियों को बताया कि यह 16 साल बाद हो रही यह जनगणना पहली बार डिजिटल हो रही है। भारत की जनगणना पूरे विश्व की सबसे बड़ी और पुरानी जनगणना है जो पूरी दुनिया में विश्वशनीयता के लिए जानी जाती है। इस बार मोबाइल ऐप से आंकड़े सीधे भारत सरकार के सुरक्षित सर्वर पर जाएंगे। इसलिए आप सभी के माध्यम से आम नागरिकों से अपील है कि जब जनगणना कर्मी आपके दरवाजे पर आएं तो सही जानकारी दें, सहयोग करें, घबराएं नहीं। वहीं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने बताया कि पूर्वी चम्पारण में 27 ग्रामीण और 10 शहरी चार्ज बनाए गए हैं। सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक सरकारी कर्मी होंगे और उनके पास पहचान पत्र होगा। वे आपसे जाति, भाषा, शिक्षा, व्यवसाय, मकान की स्थिति, पेयजल स्रोत जैसी जानकारी पूछेंगे। आपकी निजी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रहेगी - इसका उपयोग केवल योजनाएं बनाने के लिए होगा।
साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से सही जानकारी देने का अनुरोध करते हुए कहा कि अपना नाम, उम्र, शिक्षा, मातृभाषा सही बताएं।आपके आस - पास,घर, मोहल्ले, खेत, भट्टा, निर्माण स्थल पर रहने वाला हर व्यक्ति गिना जाए, इसमें यथा अपेक्षित सहयोग प्रदान करें।पहली बार शुरू हुई स्व- गणना(Self-Enumeration) सुविधा का लाभ उठाएं और http://census.gov.in पोर्टल पर स्वयं अपना विवरण भरें। इस कार्य को सभी लोग 10 से 24 जनवरी 2027 तक आसानी से मोबाइल ऐप एवं वेब पोर्टल पर जाकर कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कर्मियों को निर्देश दिया कि वे शिष्टता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। यह अनुच्छेद 246 एवं जनगणना अधिनियम 1948 के तहत एक संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने जनगणना कर्मियों को बताया कि यह कार्य तय समय सीमा में पूरा किया जाना है इसलिए निदेशालय द्वारा प्रदत्त कार्यों को ससमय प्रभावी ढंग से पूरा किया जाय। इस प्रशिक्षण में राज्य निदेशालय द्वारा जिले के लिए प्रतिनियुक्त नोडल सह राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री शकील अहमद एवं श्री संजीव कुमार ने प्रशिक्षण को सुरुचिपूर्ण बनाने के साथ- साथ सभी चार्ज अधिकारियों के शंका - समाधान एवं जनगणना - 2027 से संबंधित प्रश्नों का उतर दिया। जिससे जनगणना कार्य आसानी से पूरा किया जा सकेगा। मौके पर जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री रमेश कुमार, राजेश कुमार सिंह, अभिजीत कुमार, कुणाल चौबे, प्रबंधन कोषांग से प्रधान सहायक श्री गोपाल जी मिश्रा, अमरेश कुमार, वसीम परवेज , मीडिया संभाग से कमलेश कुमार सिंह सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar