बेगूसराय में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का शुभारंभ, युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
बेगूसराय। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को आर्ट गैलरी (प्रेक्षागृह), बेगूसराय में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी रिची पांडेय, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार एवं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से हुई, जबकि ईशा एवं उनकी टीम ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
युवाओं की प्रतिभा को मंच देना है युवा उत्सव का उद्देश्य: डीएम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि युवा उत्सव का मुख्य उद्देश्य युवाओं की कलात्मक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा को सशक्त मंच प्रदान करना है। कला एवं संस्कृति मानव के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि बेगूसराय की धरती कला और साहित्य के क्षेत्र में समृद्ध रही है तथा यह राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि है।
डीएम ने कहा कि भारत विश्व के अग्रणी युवा देशों में शामिल है और देश का भविष्य युवाओं के कंधों पर टिका है। युवाओं को अपनी सकारात्मक ऊर्जा समाज एवं राष्ट्रहित में लगानी चाहिए तथा लक्ष्य निर्धारित कर उसके प्रति समर्पित रहना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों को आदर्श नागरिक बनने, अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने कहा कि पढ़ाई के साथ कला एवं साहित्य से जुड़ी गतिविधियां भी व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार ने प्रतिभागियों के उत्साह एवं सृजनशीलता की सराहना की।
15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने बताया कि युवा उत्सव में जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विभिन्न संस्थाओं से जुड़े 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकार राज्य स्तरीय युवा उत्सव में बेगूसराय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उत्सव में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा दृश्य कला के तहत चित्रकला, मूर्तिकला एवं फोटोग्राफी तथा साहित्यिक विधाओं में कविता लेखन, कहानी लेखन एवं वक्तृता प्रतियोगिता भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं कविता लेखन की प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित होंगी, जबकि अन्य विधाओं की प्रतियोगिताएं जिला स्तर तक सीमित रहेंगी।
पहले दिन विभिन्न विधाओं में कलाकारों ने दिखाया हुनर
युवा उत्सव के प्रथम दिन एकल नृत्य, समूह नृत्य, एकल गायन, समूह गायन, फोटोग्राफी, मूर्तिकला, हस्तशिल्प, चित्रकला, कविता लेखन एवं कहानी लेखन की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन कर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। दर्शकों ने तालियों के माध्यम से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
नृत्य विधा में राजचंद्र ठाकुर, कृष्ण मोहन गिरी एवं सोनी कुमारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। गायन विधा में डॉ. मनोहर गोपाल, डॉ. सुप्रिया कुमारी एवं किशोरी मिश्रा निर्णायक रहे। कविता एवं कहानी लेखन प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन डॉ. सच्चिदानंद पाठक, निरंजन कुमार एवं राम सुंदर गांधी ने किया। वहीं, चित्रकला, मूर्तिकला, फोटोग्राफी एवं हस्तशिल्प विधाओं में इंद्र मोहन प्रसाद, मनीष कौशिक एवं प्रवीण कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने किया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक उपेंद्र कुमार, राधेश्याम पाठक, राजमणि कुमारी, राकेश, कुणाल, अमन, किसलय, विजय, प्रमोद सहित अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों एवं दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।