बेगूसराय में बाल विवाह के खिलाफ सखी वार्ता का आयोजन, 55 प्रतिभागियों को किया गया जागरूक
बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा पर जोर, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी गई जानकारी
बेगूसराय: महिला एवं बाल विकास निगम, बेगूसराय की ओर से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बुधवार को जिला संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र (DRPC), बेगूसराय में बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता को लेकर सखी वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पर्यवेक्षकों को बाल विवाह की रोकथाम, महिला सशक्तीकरण, बाल संरक्षण तथा महिलाओं एवं बच्चों के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन, बेगूसराय के जिला मिशन समन्वयक राज कुमार सिन्हा एवं विजय प्रताप ने प्रतिभागियों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 तथा साइबर अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने और इस सामाजिक कुप्रथा को रोकने के लिए सामुदायिक सहभागिता को आवश्यक बताया। साथ ही बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
सखी वार्ता के दौरान प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा साइबर अपराध से संबंधित टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से संबंधित सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा को बढ़ावा देना तथा महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस जागरूकता कार्यक्रम में कुल 55 प्रतिभागियों ने भाग लिया।