Writing
सदर अस्पताल में औचक निरीक्षण, अनुपस्थित चिकित्सक व जीएनएम पर होगी कार्रवाई
जहानाबाद : सदर अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान क्यूआरटी में प्रतिनियुक्त आयुष चिकित्सक डॉ. दिपांकर किशोर रंजन और जीएनएम उषा कुमारी बिना अनुमति के अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए दोनों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएम ने सिविल सर्जन को आयुष चिकित्सक की वेतन वृद्धि रोकने और विभागीय कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। वहीं, अनुपस्थित जीएनएम का वेतन स्थगित करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम और इमरजेंसी कक्ष में चिकित्सक ड्यूटी पर उपस्थित मिले। डीएम ने अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार, चिकित्सा सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष जताया।
निरीक्षण के बाद डीएम ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि अस्पताल में सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की रोस्टर के अनुसार उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहकर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराएं।