मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर यूथ ब्रिगेड ने जिला अस्पताल में बांटे फल, दूध और बिस्किट
हरदोई। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल में मरीजों के बीच फल, दूध और बिस्किट का वितरण किया। प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा के निर्देश पर यूथ ब्रिगेड हरदोई के निवर्तमान जिलाध्यक्ष परिवेश श्रीवास्तव ‘कुक्कू’ ने अपने साथियों के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अवसर पर परिवेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने देश के रक्षा मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया की समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाया और पिछड़ों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने शहीद सैनिकों के सम्मान में महत्वपूर्ण पहल की थी। उनके कार्यकाल में शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था को लेकर भी ऐतिहासिक कदम उठाया गया। उन्होंने उत्तर प्रदेश में चुंगी व्यवस्था समाप्त करने को भी उनके कार्यकाल का महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
परिवेश श्रीवास्तव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प को नेताजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब सरकार के दावों को समझ चुकी है। उन्होंने सड़कों की खराब स्थिति, स्कूलों की स्थिति, युवाओं में बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार की आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
कार्यक्रम में मो. सिराज अहमद, शाहबाज खान, अमित कुमार, दिवाकर पाल, सुजीत यादव, अमित यादव शाहाबाद, धीरू यादव, अमित यदुवंशी, ओसामा इदरीसी, रितेश कुमार, अभिषेक यादव, फरहान खान, गुफरान गाजी सहित यूथ ब्रिगेड के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 10, 2026