#Balrampur ! सिंचाई कार्यों में ढिलाई पर बरती जाएगी सख्ती, टेल तक पहुंचे पानी:- डीएम
लापरवाही पर दिए कड़े निर्देश: हर हाल में समय सीमा के भीतर गुणवत्ता संग पूरे हों काम
माधवडीह व पिपरा दुर्गापुर प्रेशर सिंचाई प्रणाली का कार्य जल्द शुरू कराने के हुक्म
जल संरक्षण और पशु-पक्षियों के लिए पोखरों-तालाबों को पानी से भरने की सख्त ताकीद
बलरामपुर। "नहरों का पानी जब तक खेत के आखिरी छोर पर मौजूद किसान तक न पहुंचे, तब तक परियोजनाओं का असली मकसद पूरा नहीं होता।" कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अफसरों को यह खरी-खरी सुनाई। उन्होंने सभी चालू परियोजनाओं को तय मानकों और समयसीमा के भीतर हर कीमत पर पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान सरयू नहर खण्ड-5 के भुजेहरा रजवाहा में नहर लाइनिंग और राप्ती मुख्य नहर में ब्रिक सोलिंग का काम पूरा पाया गया। वहीं, बनकटवा रजवाहा में महज 59 फीसदी प्रगति मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए लेबर और संसाधन बढ़ाकर काम में तेजी लाने की हिदायत दी।
धीमी चाल पर कसे पेच
गैसड़ी क्षेत्र में राप्ती मुख्य नहर पर बन रहे क्रॉस रेगुलेटर का काम केवल 54.40 प्रतिशत होने पर डीएम ने सख्त रवैया अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में उतरकर रोजाना की प्रगति की निगरानी करने और वीकली टारगेट तय कर काम निपटाने को कहा।
टेंडर निपटाकर तुरंत शुरू कराएं काम
डीएम ने माधवडीह और पिपरा दुर्गापुर प्रेशर सिंचाई प्रणाली समेत प्रस्तावित कुओं (वेल) के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूरी कर धरातल पर काम शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रेमनगर और बनकटवा कलां के तालाबों को नियमित भरकर जल संरक्षण और भूगर्भ जल रिचार्ज सुनिश्चित करने की बात कही।
#balrampur #dmbalrampur