#Balrampur ! राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम बना बच्चों की सेहत का कवच, 1.31 लाख बच्चों की स्क्रीनिंग, 9 हजार रेफर...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
06 सितंबर, 2026
#बलरामपुर: बच्चों को स्वस्थ भविष्य देने और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने में 'राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम' (RBSK) वरदान साबित हो रहा है। योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल हेल्थ टीमें खुद स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचकर बच्चों की नियमित जांच कर रही हैं।
चार महीनों में 1.31 लाख से अधिक बच्चों का परीक्षण
अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच स्वास्थ्य टीमों ने अभियान चलाकर जनपद के विद्यालयों में 47,385 बच्चों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर 84,387 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस प्रकार कुल 1,31,772 बच्चों की स्क्रीनिंग पूरी की गई।
9 हजार से अधिक बच्चे बेहतर उपचार के लिए रेफर
स्क्रीनिंग के दौरान दृष्टि, श्रवण, दांत, एनीमिया, कुपोषण, जन्मजात कमियों और शारीरिक-मानसिक विकास में देरी जैसी समस्याओं से जूझ रहे 9,018 बच्चों की पहचान की गई। इन बच्चों को तुरंत प्राथमिक परामर्श देने के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य इकाइयों और विशेषज्ञ अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंच रहीं मोबाइल टीमें
RBSK की मुख्य विशेषता यह है कि अभिभावकों को अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ते। विभाग की मोबाइल हेल्थ टीमें माइक्रोप्लान के तहत खुद बच्चों के पास पहुंचती हैं। जिला प्रशासन की ओर से इस कार्यक्रम की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि कोई भी बच्चा समय पर जांच और इलाज पाने से वंचित न रहे।
खबर के प्रमुख बिंदु:
जांच का दायरा: 47,385 स्कूली बच्चे और 84,387 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चे।
सफलता: 9,018 बच्चों में बीमारियों की शुरुआती पहचान कर अस्पताल किया गया रेफर।
मुख्य उद्देश्य: समय पर गंभीर बीमारियों की पहचान, मुफ्त इलाज और आर्थिक बोझ से राहत।
#balrampur #dmbalrampur