भागलपुर, 27 अगस्त 2026: भागलपुर जिले के शाहकुंड प्रखंड अंतर्गत कसवा खेरही पंचायत के अनुसूचित जाति दास टोला, पासवान टोला एवं मांझी टोला, पुरानी खेरही में समरसता संकल्प अभियान के तहत श्री गुरू संत रविदास विकास शिविर का शुभारंभ किया गया।
राजकीय मध्य विद्यालय, पुरानी खेरही के परिसर के निकट अवस्थित मैदान में आयोजित शिविर का उद्घाटन निदेशक, लेखा एवं प्रशासन, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, भागलपुर, निदेशक, एन.ई.पी., उप निदेशक, कल्याण, भागलपुर प्रमंडल, जिला कल्याण पदाधिकारी, भागलपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, शाहकुंड एवं अंचल अधिकारी, शाहकुंड द्वारा संयुक्त रूप से श्री गुरू संत रविदास जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा शिविर में उपस्थित अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को शिविर के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि सरकार के महत्वपूर्ण विभागों द्वारा संचालित 22 महत्वपूर्ण योजनाओं से अनुसूचित जाति टोलों में निवासित अनुसूचित जाति परिवारों को शत-प्रतिशत संतृप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
श्री गुरू संत रविदास विकास शिविर के माध्यम से सरकार के प्रमुख विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए संबंधित योजनाओं का लाभ अनुसूचित जाति परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से शिविर में लक्षित सभी 22 योजनाओं से संबंधित स्टॉल संबंधित विभागों द्वारा लगाए गए, जहां पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त किए गए तथा आवश्यक कार्रवाई की गई।
आयोजित शिविर में लोगों से प्राप्त कुल 42 आवेदनों का निष्पादन किया गया। साथ ही, सात पात्र लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना, जन्म प्रमाण-पत्र एवं वास भूमि-वासगीत पर्चा का वितरण पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
शिविर के आयोजन से अनुसूचित जाति टोला के लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने शिविर के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
5 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 27, 2026