भागलपुर, 27 अगस्त 2026:- श्रावणी मेला 2026 के अंतर्गत जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा पर्यटन विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में धांधी बेलारी महाशिविर एवं सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट के सांस्कृतिक मंच पर पूरे सावन माह भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। दिनांक 28 जुलाई 2026 से 28 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में भागलपुर जिला सहित बिहार एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों द्वारा गायन, वादन, नृत्य एवं नृत्य-नाटिका की प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं कांवरियों को भक्तिरस से सराबोर किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज धांधी बेलारी महाशिविर के सांस्कृतिक मंच पर कलाकारों ने भगवान शिव को समर्पित मनमोहक शिव भजनों एवं भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति दी। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने कांवरियों एवं श्रद्धालुओं के मन में भक्ति का संचार कर दिया। “ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने” एवं “भोले शंकर दानी” जैसे लोकप्रिय शिव भजनों की प्रस्तुति पर उपस्थित श्रोता शिव भक्ति में डूब गए और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
धांधी बेलारी के मंच पर आज सुधीर दास, अकबरनगर; जेएस राज म्यूजिकल ग्रुप, भागलपुर; नमन कुमार, भागलपुर एवं रूपेश कुमार, भागलपुर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। कलाकारों ने शिव महिमा से जुड़े भक्ति गीतों की प्रस्तुति के साथ कांवरियों में उत्साह एवं उमंग का संचार किया। धांधी बेलारी एवं नमामि गंगे घाट के मंच का सफल संचालन उद्घोषक मनोज कुमार मिश्रा द्वारा किया गया।
वहीं सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट स्थित मुख्य सांस्कृतिक मंच पर राज्य एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आज के कार्यक्रम में इंदु कुमारी, गोरखपुर; निशिता कुमारी, पटना; सत्यम शेखर, मुंगेर; आकांक्षा नेहा चंचल, नाथनगर तथा बोधिसत्व सोसायटी, पटना द्वारा विविध सांस्कृतिक एवं भक्तिमय प्रस्तुतियां दी गईं।
नमामि गंगे घाट के मुख्य मंच पर कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान श्रद्धालुओं एवं कांवरियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्ति गीतों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु झूमते एवं तालियां बजाते नजर आए। भगवान शिव की आराधना से जुड़े गीतों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। साथ ही बिहार की लोक संगीत परंपरा की झलक प्रस्तुतियों में देखने को मिली, जिससे उपस्थित दर्शक भाव-विभोर हो उठे।
कार्यक्रम में वाद्य कलाकारों ने भी अपनी शानदार संगत से प्रस्तुतियों को और प्रभावशाली बनाया। पैड पर नेपाली कुमार, ढोलक पर हरे राम तिवारी, तबला पर मुकेश कुमार मिश्रा, ऑर्गन पर चंदन कुमार सिंह तथा बैंजो पर मोहम्मद आईन ने अपने वादन से कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सुधी दर्शकों एवं श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा श्रावणी मेला के अवसर पर किए जा रहे सांस्कृतिक आयोजन की सराहना की। कलाकारों ने भी मंच से जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन में दिए जा रहे सहयोग, व्यवस्थाओं एवं समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया।
श्रावणी मेला के दौरान आयोजित ये सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रद्धालुओं एवं कांवरियों को आध्यात्मिक आनंद प्रदान करने के साथ-साथ बिहार की समृद्ध कला, संस्कृति एवं लोक परंपराओं को मंच प्रदान कर रहे हैं। शिव भक्ति, लोक संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के समन्वय से सुल्तानगंज का वातावरण निरंतर भक्तिमय एवं उत्सवमय बना हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
Bhagalpur District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Department of Tourism, Government of Bihar
CMO Bihar