भागलपुर, 27 अगस्त 2026:- माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों से आज ‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार अभियान’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पटना के बापू सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का भागलपुर जिले में भी लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला लाभुकों के बैंक खातों में वित्तीय सहायता की राशि का अंतरण किया गया।
इस अवसर पर भागलपुर जिले की कुल 5,672 महिलाओं के खातों में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राशि का अंतरण किया जा रहा है। इनमें 2,672 महिला लाभुकों के खाते में योजना की प्रथम किस्त के रूप में 10-10 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। इसमें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 3,000 से अधिक महिला लाभुकों के खाते में योजना की द्वितीय किस्त के रूप में 20-20 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत भागलपुर जिले में पहली बार द्वितीय किस्त की राशि का अंतरण किया जा रहा है।
इसी तरह जिले के सभी 238 ग्राम पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 60-60 हजार रुपए की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें से अब तक 191 पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र शुरू करने हेतु महिला उद्यमियों का चयन कर लिया गया है, वहीं शेष प्रखंडों में भी जल्द ही महिला उद्यमियों का चयन जल्द पूर्ण किया जाएगा।
जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियाँ शुरू करने के विभिन्न माध्यमों से वित्त पोषित किया का रहा है। इसी कड़ी में बिहार राज्य जीविका निधि सहकारी साख समिति लिमिटेड (जीविका निधि) के माध्यम से महिलाओं को आसान दरों पर ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले की 198 महिलाओं के लिए 1 करोड़ 31 लाख 15 रुपए के ऋण का अनुमोदन प्रदान किया गया है। इसके अलावा जीविका निधि पोर्टल के माध्यम से ऋण हेतु आवेदन करने वाली जिले की कुल 231 महिलाओं के ऋण प्रस्तावों को भी मंजूरी देने की प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत भागलपुर जिले में अब तक 5 लाख 11 हजार से अधिक महिलाओं को प्रथम किस्त के रूप में प्रति लाभुक 10-10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। इस आर्थिक सहायता से अनेक महिलाओं ने छोटे-छोटे स्वरोजगार शुरू किए हैं। लाभुक महिलाएं किराना दुकान, स्टेशनरी, मनिहारी, सब्जी एवं फल की दुकान, गाय-बकरी पालन, कपड़ों की सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर, फूड प्रोसेसिंग सहित विभिन्न गतिविधियों से जुड़कर नियमित आय अर्जित कर रही हैं। योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि हुई है।
‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार अभियान’ के तहत महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ उनके मौजूदा उद्यमों के विस्तार के लिए विभिन्न माध्यमों से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में आज बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड (जीविका निधि) के माध्यम से भागलपुर जिले की 198 महिलाओं को कुल 1 करोड़ 31 लाख 15 हजार रुपये का ऋण प्रदान किया जा रहा है। वहीं, जीविका निधि पोर्टल पर ऋण के लिए आवेदन करने वाली 327 महिलाओं के ऋण प्रस्तावों को भी अनुमोदित करने की प्रक्रिया जारी है।
उल्लेखनीय है कि जीविका निधि पोर्टल के माध्यम से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार 15 हजार रुपये से 2 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इससे महिलाएं अपने छोटे उद्यमों की शुरुआत करने के साथ-साथ पहले से संचालित व्यवसायों का विस्तार भी कर पा रही हैं।
महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में हाट-बाजार विकसित करने की भी योजना है। इससे महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा और उनकी आय में वृद्धि के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावशाली पहल साबित हो रही है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़कर परिवार की आय में वृद्धि करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। वित्तीय सहायता, ऋण सुविधा और बाजार उपलब्धता के माध्यम से महिलाओं को अपने हुनर और क्षमता को उद्यम में बदलने का अवसर मिल रहा है। इससे न केवल महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है, बल्कि ‘समृद्ध महिला–समृद्ध बिहार’ के संकल्प को भी मजबूती मिल रही है।
3 views | Bhagalpur, Bihar | Aug 27, 2026