काजीसराय स्कूल में छात्राओं संग बास्केटबॉल खेलीं डीएम
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया ने शुक्रवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय, काजीसराय का निरीक्षण कर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय की कक्षाओं, स्मार्ट क्लास, परिसर की साफ-सफाई, पेयजल और खेल सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम खेल मैदान में पहुंचीं और छात्राओं के साथ बास्केटबॉल खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्राओं को पासिंग और कोर्ट पोजीशनिंग सहित खेल की बुनियादी तकनीकों की जानकारी दी। डीएम के साथ खेलकर छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
विद्यार्थियों से संवाद करते हुए डीएम ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। खेलों से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर डिजिटल माध्यम से संचालित शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने स्मार्ट क्लास का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।
विद्यालय में साफ-सफाई, पेयजल एवं रखरखाव की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
डीएम ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, स्वच्छता और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इससे बच्चों को सुरक्षित, सकारात्मक और प्रेरक वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।