हरदोई: टूटी पुलिया से 20 फीट गहरे पानी में गिरा ट्रैक्टर, चालक बाल-बाल बचा
हरदोई। विधानसभा 154 सवायजपुर के ब्लॉक भरखनी अंतर्गत पाछोहा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खिरिया (नरभा) में पुलिया टूटने से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण एक किसान का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे करीब 20 फीट गहरे पानी में जा गिरा।
हादसे में ट्रैक्टर चालक ने किसी तरह अपनी जान बचाई और वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिया काफी समय से जर्जर हालत में थी, लेकिन जिम्मेदारों द्वारा इसकी मरम्मत या सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जर्जर पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने तथा हादसे की आशंका को देखते हुए मौके पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग की है।