मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सेवा सेतु अभियान के तहत आयुष स्वास्थ्य शिविर
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सेवा सेतु अभियान के तहत आयुष स्वास्थ्य शिविर
..
999 नागरिकों ने आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा सेवाओं का लिया लाभ
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा सेतु जन अभियान ‘‘सरकार आपके द्वार’’ के अंतर्गत जिले के विभिन्न विकासखंडों में आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। जिला आयुष अधिकारी डॉ दिनेश कुमार अहिरवार ने बताया है कि आयोजित आयुष स्वास्थ्य शिविरों में कुल 999 नागरिकों ने आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ लिया।
प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी भावना के अनुरूप शासन की योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सहज, सरल एवं सुलभ रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इन शिविरों में आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आयुष चिकित्सकों द्वारा नागरिकों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविरों के दौरान आयुष चिकित्सकों द्वारा आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित योग एवं व्यायाम करने तथा आयुष चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण एवं रोगों से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी गई।
999 नागरिकों ने लिया आयुष सेवाओं का लाभ -
आयुष स्वास्थ्य शिविरों में कुल 999 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 568 पुरुष एवं 431 महिला लाभार्थी शामिल हैं। पैथीवार लाभार्थियों में आयुर्वेद चिकित्सा से 497, होम्योपैथी से 356 तथा यूनानी चिकित्सा से 146 नागरिक लाभान्वित हुए।
सात विकासखंडों में आयोजित हुए स्वास्थ्य शिविर -
आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जिले के विदिशा, गंजबासौदा, शमशाबाद, ग्यारसपुर, कुरवाई, लटेरी एवं सिरोंज विकासखंडों में किया गया। शिविरों में नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। साथ ही आयुष चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण, रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
सरकार आपके द्वार की भावना के अनुरूप नागरिकों तक पहुंच रहीं सेवाएं
सेवा सेतु जन अभियान ‘‘सरकार आपके द्वार’’ का उद्देश्य शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं को आमजन के निकट पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को आवश्यक शासकीय सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही मिल सके। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से नागरिकों को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले में संचालित इन अभियानों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
आयुष सेवाओं का लाभ लेने की अपील -
जिला आयुष अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार अहिरवार ने आमजन से अपील की है कि शासन द्वारा आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने नागरिकों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने, योग एवं नियमित व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया है। #Vidisha
11 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026