कलेक्ट्रेट से चहुंओर गूंजा स्वच्छता का संदेश, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया श्रमदान
..
जिलेभर के शासकीय कार्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता कार्यो का संपादन हुआ
..
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर आज 2 अक्टूबर को जिलेभर में स्वच्छता अभियान आयोजित कर स्वच्छता एवं सेवा का संदेश दिया गया। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिले के सभी शासकीय विभागों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपने-अपने कार्यालय परिसरों की साफ-सफाई की गई तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प सेवा संकल्प अभियान के तहत लिया गया।
कलेक्ट्रेट परिसर में भी विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मेसराम, संयुक्त कलेक्टर सुश्री निकिता तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता कार्यों में सहभागिता की। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न हिस्सों में साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ अनुपयोगी सामग्री, कचरे एवं गंदगी को हटाया गया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग अथवा व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। जिले के अन्य शासकीय कार्यालयों में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्वच्छता अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी की गई। कार्यालय भवनों, परिसर, आसपास के क्षेत्रों तथा सार्वजनिक उपयोग के स्थानों की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण निर्माण का प्रयास किया गया।
महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को स्वस्थ समाज और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार माना था। उनकी जयंती के अवसर पर आयोजित स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से जिले में स्वच्छता, सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। जिलेभर में आयोजित इन गतिविधियों से कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों से ‘स्वच्छता अपनाएं, स्वच्छ वातावरण बनाएं’ का संदेश चहुंओर प्रसारित हुआ। #SevaSankalpAbhiyan #Vidisha #swachtaabhiyan