मलेरिया जन जागरूकता हेतु 226 घरो में लार्वा सर्वे
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन बिंदल के निर्देशन में जिले में मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा मैदानी स्तर पर सघन गतिविधियां संचालित की गईं।
इसी क्रम में विकासखंड कराहल के उगना का सहराना एवं किटरा मोहल्ला, विकासखंड श्योपुर-बड़ौदा के ग्राम गुरुनावदा तथा विकासखंड विजयपुर के ग्राम बागरोद एवं लाडपुरा में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा भ्रमण किया गया। इस दौरान कुल 226 घरों का फीवर एवं लार्वा सर्वे किया गया तथा 18 बुखार रोगियों की आर.डी.टी. किट से जांच की गई। जांच में सभी मरीजों की मलेरिया जांच नेगेटिव पाई गई।
मैदानी गतिविधियों के दौरान स्वास्थ्य टीमों द्वारा ग्रामीणों को मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों के लक्षण, जांच, उपचार एवं बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि बुखार आने पर तत्काल रक्त की जांच करवाएं तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पूर्ण उपचार लें। साथ ही घर एवं आसपास अनावश्यक पानी का जमाव नहीं होने देने, पानी के पात्रों को ढककर रखने तथा कूलर एवं पानी की टंकियों की सप्ताह में कम से कम एक बार सफाई करने की समझाइश दी गई।
मच्छरों से बचाव के लिए सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने तथा शाम के समय घर के अंदर नीम की पत्तियों का धुआं करने की सलाह दी गई। बागरोद एवं लाडपुरा में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा लार्वा सर्वे के साथ डेंगू की रोकथाम हेतु आवश्यक प्रतिबंधात्मक गतिविधियां एवं स्पेस स्प्रे भी कराया गया। क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं एवं सी.एच.ओ. को नियमित फीवर सर्विलांस एवं मच्छरजनित रोगों की रोकथाम संबंधी गतिविधियां जारी रखने के लिए निर्देशित किया गया।
कार्यवाही के दौरान मलेरिया निरीक्षक श्री नरसिंह गौड़, एम.आई. श्री मानसिंह पारस, एम.टी.एस. श्री अरविन्द गर्ग, एम.टी.एस. श्री साहिब कुरैशी, बी.सी.एम. श्री कमल किशोर, सी.एच.ओ., आशा कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी श्रीमती शांति शर्मा एवं श्रीमती प्रतिमा सहित स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला उपस्थित रहा।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP.
#sheopur
7 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026