राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में श्योपुर का दबदबा
3 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक अपने नाम किये
-----
सीहोर जिले में 8 एवं 9 सितंबर को आयोजित राज्य स्तरीय शालेय वेटलिफ्टिंग खेल प्रतियोगिता में श्योपुर जिले के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। श्योपुर के खिलाडियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण एवं 2 कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से श्योपुर जिले ने राज्य स्तर पर खेल के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय देते हुए कुल पांच पदक अर्जित किए। खिलाड़ियों की इस सफलता से न केवल उनके विद्यालय एवं विकासखंड, बल्कि जिला श्योपुर सहित चंबल एवं ग्वालियर संभाग का भी गौरव बढ़ा है।
सीहोर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता के 71 किलो भार वर्ग में गौतम जाटव ने, 60 किलो भार वर्ग में गौतम वर्गे ने तथा 88 किलोग्राम भार वर्ग में शिवा उचादिया ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी प्रकार 56 किलो भार वर्ग में अमन बरैया और 60 किलो भार वर्ग में गौरव जाटव ने कांस्य पदक जीता, सभी खिलाडी शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयपुर के छात्र है।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दीं है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में राज्य स्तर पर खिलाड़ियों द्वारा अर्जित यह सफलता पूरे श्योपुर जिले के लिए गौरव का विषय है। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल प्रतिभा से यह सिद्ध किया है कि उचित मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प के साथ श्योपुर के खिलाड़ी किसी भी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।
श्री जैन ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कोच श्री प्रशांत धाकड़ एवं श्री विष्णु राठौर को भी विशेष रूप से बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जिले के खिलाड़ी आगे भी इसी लगन और समर्पण के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने विद्यालय, जिले एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
5 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026