*फरीदाबाद में 12 करोड़ की कोकीन बरामद, तीन विदेशी नागरिक गिरफ्तार*
*क्राइम ब्रांच एनआईटी की कार्रवाई, 2.337 किलो कोकीन समेत 3.741 किलो मादक पदार्थ बरामद*
*लकड़पुर स्थित मकान में तलाशी के दौरान मिली खेप, 50 हजार रुपये नकद भी बरामद*
फरीदाबाद, 16 सितंबर। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। गुप्त सूत्रों की सूचना पर क्राइम ब्रांच एनआईटी और NCB दिल्ली की संयुक्त टीम ने लकड़पुर स्थित एक मकान पर छापा मारकर करीब 15 करोड़ रुपये कीमत के कोकीन व अन्य मादक पदार्थ बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अमन यादव सहायक अपराध ने बताया कि क्राइम ब्रांच एनआईटी को थाना सूरजकुंड क्षेत्र स्थित लक्कड़पुर में विदेशी नागरिकों के पास मादक पदार्थ होने की सूचना प्राप्त हुई। जिस पर कार्रवाई करते हुए 15/16 सितंबर की रात निरीक्षक अनिल छिल्लर, प्रभारी क्राइम ब्रांच एनआईटी ने अपनी टीम तथा NCB दिल्ली की टीम के साथ तलाशी वारंट लेकर शिव दुर्गा बिहार, लकड़पुर स्थित मकान नंबर 16 की दूसरी मंजिल पर बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुए।
उन्होंने आगे बताया कि NCB दिल्ली की टीम से बरामद पदार्थों की जांच कराई गई, जिसमें कोकीन और एम्फेटामाइन के सकारात्मक परिणाम मिले। पुलिस की रेड में 2.337 किलोग्राम कोकीन, 26 ग्राम एम्फेटामाइन, 1.378 किलोग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई गई है।
मौके से तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान Ifeanyi Emmanuel और Bell John @ Enudun Emmanuel निवासी नाइजीरिया तथा Remy @ Amos Ovie निवासी कैमरून के रूप में हुई है। तीनों आरोपी उक्त मकान में किराये पर रह रहे थे। जिनसे पासपोर्ट संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
बरामद मादक पदार्थ व नकदी को नियमानुसार पुलिस कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। घटनाक्रम के संबंध में थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर जांच आरंभ की जा रही है।
उन्होंने और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि मौका पर अफ्रीकन कंट्रीज के 10 और लोग किराए पर रहने पाये गये। जिनके द्वारा अपने दस्तावेज बारे संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। जिस संबंध में FRRO दिल्ली के कार्यालय में उन लोगों के दस्तावेजों बारे तस्दीक की जा रही है। अगर दस्तावेज ठीक प्रकार से नहीं पाए जाते हैं तो उनकी डिपोर्ट की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से मादक पदार्थ की सप्लाई, स्रोत, नेटवर्क तथा इस खेप से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
प्रवक्ता, फरीदाबाद पुलिस
Uklana, Hissar | Sep 16, 2026