बाल महोत्सव के दूसरे दिन एसपी अजीत सिंह शेखावत ने मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत, बच्चों की प्रतिभा को सराहा,
बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का दिया संदेश,
जिला बाल कल्याण परिषद, अम्बाला द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय बाल महोत्सव-2026 के दूसरे दिन बाल भवन, अम्बाला छावनी में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अम्बाला श्री अजीत सिंह शेखावत, आईपीएस, ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जिला बाल कल्याण अधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।
14 प्रमुख प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा,
बाल महोत्सव के दूसरे दिन जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य, एकल नृत्य, क्ले मॉडलिंग, मेहंदी रचाओ, शास्त्रीय नृत्य, फैंसी ड्रेस, हरियाणवी रागनी, बेस्ट ड्रामेबाज, रंगोली, थाली एवं कलश सजावट, पोस्टर मेकिंग सहित विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त बच्चों के लिए साड़ी एवं पगड़ी बांधने जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
कटिंग एंड टेलरिंग रूम में आयोजित डिक्लेमेशन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माण में देशभक्ति, खेलों में हरियाणा का योगदान, बाल श्रम, लोकतंत्र एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं सामाजिक जागरूकता विकसित करने का अवसर मिला।
अनुशासन, मेहनत और जागरूकता से ही मिलेगी सफलता , एसपी अजीत सिंह शेखावत,
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और अनुशासन ही वह शक्ति है, जो उन्हें सफलता के शिखर तक पहुंचाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा अपने जीवन को शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बेहतर बनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने इंटरनेट का सुरक्षित एवं सीमित उपयोग करने और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानकर खेल एवं कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में पूरी निष्ठा और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए। सही दिशा में किया गया प्रयास, अनुशासन और निरंतर मेहनत ही जीवन में सफलता की मजबूत नींव तैयार करते हैं।
विभिन्न प्रतियोगिताओं का निरीक्षण कर बढ़ाया बच्चों का उत्साह,
मुख्य अतिथि श्री अजीत सिंह शेखावत ने मिनी बाल भवन एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स संस्थान में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों एवं रचनात्मक कार्यों को देखा और उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला बाल कल्याण अधिकारी विश्वास मलिक ने बताया कि बाल महोत्सव का समापन 23 अक्टूबर को अंतिम दिन की प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ होगा।
उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय बाल महोत्सव बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जिला बाल कल्याण अधिकारी विश्वास मलिक, महिला की शक्ति वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष बीनू गर्ग, कार्यक्रम अधिकारी बाल भवन राजेश कुमार, इंसानियत फाउन्डेशन की संस्थापक गीतांश मल्होत्रा, आजीवन सदस्य राकेश मक्कड़ के साथ-साथ अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। Haryana Police
Uklana, Hissar | Oct 22, 2026